Contact Form

Name

Email *

Message *

Raigaani by Sohaib mugheera Siddiqui

मैं कमरे में पिछले इकत्तीस दिनों से  
फ़क़त इस हक़ीक़त का नुकसान  
गिनने की कोशिश में उलझा हुआ हूँ  
कि तू जा चुकी है  
तुझे रायगानी का रत्ती बराबर अंदाज़ा नहीं है  
तुझे याद है वो ज़माना  
जो कैम्पस की पगडंडियों पे टहलते हुए कट गया था  
तुझे याद है कि जब क़दम चल रहे थे  
कि एक पैर तेरा था और एक मेरा  
क़दम वो जो धरती पे आवाज़ देते  
कि जैसे हो रागा कोई मुतरीबों का  
क़दम जैसे के  
सा पा गा मा पा गा सा रे  
वो तबले की तिरखट पे  
तक धिन धिनक धिन तिनक धिन धना धिन बहम चल रहे थे क़दम चल रहे थे  
क़दम जो मुसलसल अगर चल रहे थे  
तो कितने गवइयों के घर चल रहे थे  
मगर जिस घड़ी  
तू ने उस राह को मेरे तनहा क़दम के हवाले किया  
उन सुरों की कहानी वहीं रुक गई  
कितनी फनकारियाँ कितनी बारीकियाँ  
कितनी कलियाँ बिलावल  
गवईयों के होंठों पे आने से पहले फ़ना हो गये  
कितने नुसरत फ़तह कितने मेहँदी हसन मुन्तज़िर रह गये  
कि हमारे क़दम फिर से उठने लगें  
तुझको मालूम है  
जिस घड़ी मेरी आवाज़ सुन के  
तू इक ज़ाविये पे पलट के मुड़ी थी वहां से,  
रिलेटिविटी का जनाज़ा उठा था  
कि उस ज़ाविये की कशिश में ही यूनान के फ़लसफ़े  
सब ज़मानों की तरतीब बर्बाद कर के तुझे देखने आ गये थे  
कि तेरे झुकाव की तमसील पे  
अपनी सीधी लकीरों को ख़म दे सकें  
अपनी अकड़ी हुई गर्दनों को लिये अपने वक़्तों में पलटें,  
जियोमैट्री को जन्म दे सकें  
अब भी कुछ फलसफ़ी  
अपने फीके ज़मानों से भागे हुए हैं  
मेरे रास्तों पे आँखें बिछाए हुए  
अपनी दानिस्त में यूँ खड़े हैं कि जैसे  
वो दानिश का मम्बा यहीं पे कहीं है  
मगर मुड़ के तकने को तू ही नहीं है  
तो कैसे फ्लोरेन्स की तंग गलियों से कोई द विंची उठे  
कैसे हस्पानिया में पिकासो बने  
उनकी आँखों को तू जो मयस्सर नहीं है  
ये सब  
तेरे मेरे इकट्ठे ना होने की क़ीमत अदा कर रहे हैं  
कि तेरे ना होने से हर इक ज़मा में  
हर एक फ़न में हर एक दास्ताँ में  
कोई एक चेहरा भी ताज़ा नहीं है  
तुझे रायगानी का रत्ती बराबर अंदाज़ा नहीं है

No comments:

Post a Comment

Nidhi ke wall se

कितने साँचो में ढल के आए हैं, ख्वाब की तरह पल के आए हैं। तुम सिफारिश से जहाँ पहुँचे हो, हम वहाँ खुद ही चल के आए हैं। #मुक्तक संघर्ष की अग्नि...